Tuesday, 25 October 2011

बॉलीवुड बोला- 'हैप्पी दिवाली'



प्रकाश पर्व दीपावली के खुमार में समूचा बॉलीवुड डूब-सा गया है और हिंदी फिल्म जगत के नामचीन सितारे अपने परिवार के सदस्यों एवं मित्रों के साथ पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाने की तैयारी में हैं। कुछ फिल्मी सितारे जहां परंपरागत तरीके से इसका जश्न मनाने की योजना बना रहे हैं, वहीं अन्य जो काम के सिलसिले में बाहर हैं वे घर मनाए जाने वाले जश्न को ‘मिस’ कर रहे हैं।

‘देसी गर्ल’ के नाम से मशहूर और लॉस एंजिल्स में संगीत एलबम के लिए काम कर रहीं प्रियंका चोपड़ा ने माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर लिखा कि मैं दुनिया भर दीपावली मना रहे लोगों को शुभकामनाएं देती हूं। मैं आज अपने परिवार को ‘मिस’ कर रही हूं। भगवान को धन्यवाद मेरे पास आप जैसे लोग हैं।

अभिनेत्री जूही चावला दीपों और रंगोली के साथ परंपरागत तरीके से दीपावली मनाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को दीपावली की ढेर सारी शुभकामनाएं। मैं स्थानीय बाजार जा रही हूं जहां दीए, फूलों की माला, रंगोली खरीदूंगी। मैं दीपावली को लेकर बहुत रोमांचित हूं। आशा करती हूं कि आप भी इसका जमकर आनंद उठा रहे होंगे।

हिंदी फिल्मों के महानायक अमिताभ बच्चन ने कहा कि मैं ईश्वर से कामना करता हूं कि छोटी दीपावली का शगुन आपके साथ हमेशा रहे। गीतकार जावेद अख्तर ने लिखा कि ईश्वर से कामना है कि दीपावली के दीए हमें समृद्धि, प्रगति, शांति और प्यार के पथ पर ले जाएं।

अभिनेत्री रवीना टंडन ने लिखा कि मुझे इस त्योहार से बहुत लगाव है। दीपों की टिमटिमाहट, सबका परंपरागत परिधान पहनना और बहुत ही सकारात्मक माहौल होता है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मधुर भंडारकर ने भी अपने चाहने वालों को दीपावली की बधाई दी।

No comments:

Post a Comment